JANVAANI NEWS

थाना फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई अपहृता सकुशल बरामद पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार

05 Jun 2026, 12:18 PM • By SONU RANA

थाना फतेहपुर पुलिस ने अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृता को सकुशल बरामद कर पॉक्सो एक्ट के नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को वांछित आरोपी हिमांशु पुत्र स्व. पहल सिंह, निवासी बिशनपुर, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर को कस्बा छुटमलपुर के गांगाली कट से गिरफ्तार किया। 

आरोपी के कब्जे से अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

ज्ञात हो कि 24 मई 2026 को वादिया द्वारा थाना फतेहपुर में तहरीर देकर अभियुक्त हिमांशु पर अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। 

इस पर थाना फतेहपुर में मु.अ.सं. 209/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। 

विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान एवं शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में धारा 64(1) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई थी।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त हिमांशु ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह पीड़िता को बहला-फुसलाकर ले गया था और अपनी गलती के लिए माफी मांगी। 

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के साथ उपनिरीक्षक सजल कुमार तथा रिक्रूट कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे। 

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है

Read Original Article