थाना फतेहपुर से इस वक्त की अहम खबर आ रही है, जहां आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
आज थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में क्षेत्र के डीजे संचालकों और संभ्रांत नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर द्वारा उच्चाधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए डीजे संचालकों के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी की गईं।
पुलिस ने साफ तौर पर अवगत कराया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई जमीन से अधिकतम 8 फीट, चौड़ाई 10 फीट और ध्वनि की तीव्रता मानक के अनुसार 75 डेसिबल से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि यात्रा के दौरान कोई भी जाति विशेष, अश्लील या ऐसा भड़काऊ गाना नहीं बजाया जाएगा जिससे किसी भी व्यक्ति या समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे।
बैठक में उपस्थित संभ्रांत नागरिकों और डीजे संचालकों ने भी पुलिस प्रशासन को नियमों का पालन करने और आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है।