कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की ड्यूटी में आए दो पुलिस कर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद शनिवार रात 1 बजे कैंची क्षेत्र में हंगामा हो गया।
जानकारी के अनुसार, 15 जून को होने वाले कैंचीधाम स्थापना दिवस मेले की तैयारियों के बीच मंदिर के समीप स्थित एक होम स्टे संचालक की बेटी ने मेले की ड्यूटी में तैनात दो सिपाहियों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़कर पुलिस चौकी तक पहुंचाया और उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चौकी का घेराव कर दिया।
इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का आक्रोश केवल आरोपित पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने स्थापना दिवस मेले को लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा लागू की गई यातायात व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले से तीन दिन पहले ही कैंचीधाम क्षेत्र और नैनीताल जनपद की सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है।
जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने एक सुर में पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और एसएसपी मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
कैंची धाम क्षेत्र के एसडीएम दिव्यांश मीणा उप्रशिक्षु ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जानकारी जुटाने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।