JANVAANI NEWS

एसएसपी अजय गणपति की क्राइम मीटिंग कबूतरबाजों भू-माफियाओं और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश 10 पुलिसकर्मी सम्मानित

16 Jul 2026, 11:09 AM • By M SALEEM KHAN

ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आधुनिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले कबूतरबाजी गिरोहों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

साथ ही जिले में संचालित इमिग्रेशन एजेंसियों के लाइसेंस एवं दस्तावेजों की गहन जांच करने को कहा। जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और भू-माफियाओं के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए। 

यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ तत्काल रिपोर्ट भेजने को कहा गया।

बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई, लंबित ई-समन के शत-प्रतिशत निस्तारण, बाहरी राज्यों के शस्त्र लाइसेंसों के सत्यापन और एक वर्ष से अधिक समय से लंबित साइबर अपराधों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। 

पुलिस चालानों की गुणवत्ता सुधारने के भी निर्देश दिए गए।

आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए एसएसपी ने ट्रैफिक एवं सीपीयू कर्मियों को ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा और हेडसेट का अनिवार्य उपयोग करने के निर्देश दिए। थाना एवं चौकी प्रभारियों को नागरिकों और व्यापारियों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। 

साथ ही किसी भी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होने पर संबंधित चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

Read Original Article