JANVAANI NEWS

झाड़ियों से अज्ञात वृद्ध का शव बरामद

06 Jul 2026, 07:56 PM • By M SALEEM KHAN

थाना किच्छा के लालपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायणपुर गंगापुर रोड के पास शनिवार को एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 

पुलिस के अनुसार डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सड़क से करीब 60 मीटर अंदर खाली पड़ी जमीन पर ऊंची घास के बीच लगभग 65 से 70 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। 

मृतक की लंबाई करीब पांच फीट, रंग गेहुआं, चेहरे पर सफेद दाढ़ी-मूंछ तथा सिर पर छोटे सफेद बाल हैं। 

उसने भूरे मटमैले रंग का घुटनों तक का लोवर और सफेद-नीली धारीदार कमीज पहन रखी थी। उसके हाथ-पैरों में कलावा और रंग-बिरंगे कपड़ों की डोरियां तथा गले में ताबीजनुमा डोरियां बंधी हुई थीं। 

प्रथम दृष्टया मृतक विक्षिप्त अथवा भिक्षावृत्ति करने वाला प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना पर रुद्रपुर से पहुंची फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया। 

जांच के दौरान शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले और आसपास से कोई संदिग्ध भौतिक साक्ष्य भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। 

मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read Original Article