थाना फतेहपुर की एंटी रोमियो टीम ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गुरुवार को एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
टीम ने कस्बे और मुख्य बाजारों में भ्रमण कर न केवल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया।
अभियान का नेतृत्व कर रही एंटी रोमियो प्रभारी मिथलेश राठौर, हेड कांस्टेबल बबीता और रिक्रूट महिला कांस्टेबल शुभांगी शर्मा ने बाजार में उपस्थित छात्राओं और कामकाजी महिलाओं से सीधा संवाद किया।
इस दौरान टीम ने उन्हें मुश्किल समय में काम आने वाले महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 वूमेन पावर लाइन 112 आपातकालीन सेवा और 181 महिला हेल्पलाइन की जानकारी दी।
टीम ने बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के साथ-साथ छेड़छाड़ या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया उन्होंने बालिकाओं से कहा डरें नहीं, पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हर पल तैयार है।"
इस सराहनीय पहल पर कांग्रेस पार्टी की जिला उपाध्यक्ष डॉ. शाजिया नाज ने पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए कहा थाना फतेहपुर की एंटी रोमियो टीम का यह धरातलीय प्रयास काबिल-ए-तारीफ है।
प्रभारी मिथलेश राठौर और उनकी टीम ने वर्दी की गरिमा के साथ संवेदनाओं का भी परिचय दिया है।
महिला सुरक्षा सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास का विषय है और पुलिस प्रशासन की यह सक्रियता बेटियों को हिम्मत देती है।
डॉ. नाज ने आगे कहा कि पार्टी महिला सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन के हर सकारात्मक कदम के साथ खड़ी है।
इस अभियान से स्थानीय महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा का एक बड़ा संदेश गया है।