JANVAANI NEWS

थाना फतेहपुर पुलिस का बहू-बेटी सम्मेलन अभियान सुरक्षा और सम्मान की अनोखी पहल

06 Jul 2026, 12:09 PM • By SONU RANA

थाना फतेहपुर से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। 

क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से थाना फतेहपुर पुलिस द्वारा इन दिनों एक विशेष बहू-बेटी सम्मेलन अभियान चलाया जा रहा है।

 सुरक्षित बहू-बेटी समृद्ध समाज के मजबूत नारे के साथ पुलिस की एंटी रोमियो टीम अब सीधे गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं को जागरूक करने का काम कर रही है।

इसी अभियान के तहत एंटी रोमियो प्रभारी मिथलेश राठौर, महिला कांस्टेबल प्रीति और होमगार्ड शिवराज की टीम ने विभिन्न गांवों का दौरा किया। 

टीम ने ग्रामीण महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को एक मंच पर इकट्ठा कर उन्हें उनके अधिकारों का पाठ पढ़ाया। 

इस दौरान महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए आत्मरक्षा के जरूरी टिप्स दिए गए, साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और साइबर क्राइम से बचने की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।

एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को स्कूल-कॉलेज आते-जाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी और वीमेन पावर लाइन 1090 व आपातकालीन सेवा 112 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की। महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए टीम ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस हर समय उनकी मदद के लिए तत्पर है, इसलिए किसी भी अप्रिय स्थिति में घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। बल्कि तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें। पुलिस प्रशासन की इस सजग पहल की अब पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है।

Read Original Article