JANVAANI NEWS

रोपवे से प्रभावित लोगों को बड़ी राहतरू पुरूकुल में वैकल्पिक मोटर मार्ग का शिलान्यास

13 Jul 2026, 11:51 PM • By SUNIL SONKAR

देहरादून-पुरूकुल से मसूरी लाइब्रेरी चौक तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना के बीच प्रभावित होने वाले स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत देने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। 

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुरूकुल गांव में रोपवे के लोअर टर्मिनल के ऊपर स्थित आवासीय क्षेत्र के लिए 1 करोड़ 31 लाख 77 हजार रुपये की लागत से बनने वाले वैकल्पिक मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। 

यह सड़क रोपवे निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के साथ भविष्य में भी क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराएगी। 

शिलान्यास के बाद मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ प्रभावित लोगों के हितों की भी पूरी चिंता कर रही है। 

उन्होंने कहा कि देहरादून-मसूरी रोपवे परियोजना राज्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा आसान होगी, ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और पर्यटन को नई गति मिलेगी। 

लेकिन इसके साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। 

मंत्री ने बताया कि लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मोटर मार्ग का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा। 

उन्होंने लोक निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और समयबद्ध तरीके से सड़क तैयार कर स्थानीय लोगों को जल्द राहत दी जाए। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। 

यह नया मार्ग केवल आवासीय क्षेत्र की आवाजाही को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि भविष्य में पूरे क्षेत्र के विकास और कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती देगा। गौरतलब है कि पुरूकुल-मसूरी रोपवे परियोजना को मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। 

ऐसे में परियोजना के साथ स्थानीय आबादी के लिए वैकल्पिक सड़क निर्माण को भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 

इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह रावत, किरण, अनुराग सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Read Original Article