JANVAANI NEWS

खौफनाक वारदात का पर्दाफाश नाबालिग से दुष्कर्म मामले में एक गिरफ्तार

10 Jul 2026, 08:15 PM • By M SALEEM KHAN

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर पोक्सो प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जबकि मामले के मुख्य आरोपी एक विधि-विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

7 जुलाई 2026 को कोतवाली रुद्रपुर में एक नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध किए जाने और घटना में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की शिकायत प्राप्त हुई। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर संख्या 339/2026 दर्ज की गई। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पोक्सो एक्ट की धाराओं 3/4 के तहत पंजीकृत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर के नेतृत्व में कई विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। 

जांच में एसओजी और सर्विलांस टीम को भी शामिल किया गया।

पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। 

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर 9 जुलाई 2026 को नामजद आरोपी मनोज कुमार (32 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ौरी, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। 

वहीं, मामले के मुख्य आरोपी एक विधि-विवादित किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया।

विवेचना के दौरान मिले नए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में पोक्सो एक्ट की धारा 16 और 17 भी बढ़ा दी हैं।

गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, पतारसी और सुरागरसी की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति ऊधम सिंह नगर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। 

ऐसे मामलों में शामिल प्रत्येक आरोपी को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Read Original Article