उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए 'मिशन शक्ति-फेज 5.0' का सफल संचालन किया जा रहा है।
इसके अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को अधिक सुरक्षित व सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक थाने में 'मिशन शक्ति केंद्र' स्थापित किए गए हैं।
इसी कड़ी में पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहारनपुर के कुशल निर्देशन में थाना फतेहपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए एक बिखरते परिवार को टूटने से बचा लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम माजरी खुजनावर निवासी श्रीमती अनु (पत्नी आकाश) और उनके पति आकाश (पुत्र समय सिंह) के बीच पिछले काफी समय से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था। मामला थाने के मिशन शक्ति केंद्र तक पहुंचा, जिसके बाद फतेहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के कुशल नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक मिथलेश राठौर द्वारा दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया।
महिला उपनिरीक्षक ने अत्यंत सूझबूझ और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दोनों पक्षों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
काफी देर तक चली गहन काउंसलिंग और उचित मार्गदर्शन के बाद पति-पत्नी के बीच की दूरियां और गलतफहमियां दूर हो गईं।
दोनों पक्षों ने आपसी मतभेदों को भुलाकर एक बार फिर साथ रहने का समझौता कर लिया और पुलिस की मौजूदगी में हंसते-खुशी अपना नया वैवाहिक जीवन शुरू करने का संकल्प लिया।
टूटने की कगार पर पहुंचे घर को दोबारा बसाने पर पीड़ित दंपत्ति और उनके परिजनों ने बेहद प्रसन्नता व्यक्त की।
दोनों पक्षों ने फतेहपुर थाने के मिशन शक्ति केंद्र और महिला थाना जनपद सहारनपुर की टीम का सहृदय आभार प्रकट किया। पुलिस की इस मानवीय और सकारात्मक पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।