JANVAANI NEWS

मसूरी मे खबर का असर मंत्री के निर्देश के बाद हरकत में आया पीडब्ल्यूडी खेतवाला भूस्खलन क्षेत्र का किया निरीक्षण

13 Jul 2026, 11:55 PM • By SUNIL SONKAR

खेतवाला क्षेत्र में भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने का मामला प्रमुखता से उठने के बाद इसका असर भी दिखाई दिया। 

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। 

निरीक्षण के बाद अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि पहाड़ी बड़े स्तर पर दरक चुकी है और लगातार बारिश के कारण अभी भी भूस्खलन जारी है। 

ऐसे में फिलहाल स्थायी ट्रीटमेंट संभव नहीं है, क्योंकि बारिश के दौरान पहाड़ लगातार खिसकता रहेगा। 

उन्होंने कहा कि प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है, इसलिए सड़क पर जमा मलबे और कीचड़ को लगातार हटाया जा रहा है तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि पहाड़ के स्थायी ट्रीटमेंट के लिए यूएलएलएमसी से तकनीकी सलाह लेकर विस्तृत परियोजना तैयार की जाएगी, ताकि पावर हाउस क्षेत्र की तर्ज पर इस पहाड़ी का भी वैज्ञानिक उपचार कराया जा सके। 

राजेश कुमार ने बताया कि करीब एक करोड़ रुपये की लागत से चार किलोमीटर सड़क का कटान कार्य पहले ही कराया जा चुका है। 

बरसात के दौरान नई कटी पहाड़ियों से भूस्खलन होना स्वाभाविक है, लेकिन सड़क किनारे कटान का मलबा मिलने की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। 

इसकी जांच कराई जाएगी और यदि ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के लिए डंपिंग जोन पहले से निर्धारित किए जाते हैं और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Read Original Article