थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में काफी समय से फरार चल रहे मुख्य वांछित अभियुक्त को उत्तराखंड से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 30 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाने में एक लिखित तहरीर दी थी। आरोप था कि ग्राम दतौली मुगल निवासी मुरतजीम ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म (बलात्कार) किया और बाद में शादी करने से साफ मना कर दिया।
इस घिनौने कृत्य में आरोपी के परिजनों/सहयोगियों इरशाद उर्फ चव्वनी और हसरत ने भी उसका साथ दिया और पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0स0 167/26 धारा 69/352/351(2)/333 बीएनएस (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था।
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के कुशल नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
आज मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना फतेहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) स्थित 'होटल मूनराइज' में छापेमारी की।
पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मुख्य वांछित अभियुक्त मुरतजीम पुत्र इरशाद उर्फ भूरा (निवासी ग्राम दतौली मुगल, थाना फतेहपुर, सहारनपुर) को मौके से दबोच लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
फरार चल रहे आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के साथ उपनिरीक्षक उपनिरीक्षक अमित सोनी, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह और कांस्टेबल आकाश कुमार शामिल रहे।