JANVAANI NEWS

महापौर ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ की बैठक

28 Jul 2026, 12:18 PM • By M SALEEM KHAN

महापौर विकास शर्मा ने शनिवार को अपर जिला अधिकारी नजूल पंकज उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वित्त कौस्तुभ मिश्रा सहित प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ शहर की समस्याओं और विकास से जुड़ी आगामी परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान शहर के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए, जिससे आने वाले दिनों में शहर की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी।

बैठक में किच्छा बाईपास और काशीपुर बाईपास मार्ग पर अतिक्रमण की जद में आ रही दुकानों के विस्थापन, सड़कों के चौड़ीकरण, बस टर्मिनल के निर्माण और एसआईआर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। 

चर्चा के दौरान यह तय किया गया कि विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ प्रभावित व्यापारियों और नागरिकों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

बैठक के बाद महापौर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माणाधीन बस टर्मिनल की जद में आ रही दुकानों को पुनर्स्थापित करने के लिए योजना पर गंभीरता से चर्चा की गई है और जल्द ही व्यापारियों को नगर निगम की ओर से वैकल्पिक दुकानें मुहैया कराई जाएंगी। 

इसके अलावा काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण की जद में आ रही दुकानों को भी उचित स्थान पर पुनर्स्थापित करने पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि नैनीताल हाईवे के साथ-साथ काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण कार्य भी जल्द ही पूरा किया जाएगा। 

हालांकि बरसात के मौसम के कारण निर्माण कार्यों की गति में कुछ रुकावट आई है, लेकिन प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कार्य पूरी तरह रुकें नहीं। 

दुकानें हटने के बाद बस टर्मिनल का निर्माण कार्य और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगा, जिससे बस स्टेशन पर मौजूदा अव्यवस्थाएं दूर होंगी और आम जनता को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

बैठक में एसआईआर को लेकर भी विस्तृत मंत्रणा की गई। इसके अंतर्गत नए और पुराने मतदाताओं से जुड़ी सूचियों पर प्रशासन के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया गया तथा।

प्रकिया में आ रही विसंगतियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम हो सके।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से शहर के विकास की गति लगातार तेज हो रही है। इस अभियान में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और पूरे जिला प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। 

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में शासन और प्रशासन के आपसी समन्वय से रुद्रपुर का स्वरूप और अधिक विकसित तथा व्यवस्थित नजर आएगा। 

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ-साथ जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Read Original Article