JANVAANI NEWS

मसूरी में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा, श्रीनगर एस्टेट स्थित ग्रीनवुड कॉटेज सील

30 Jun 2026, 11:28 AM • By SUNIL SONKAR

पहाड़ों की रानी मसूरी में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है।

सोमवार को श्रीनगर एस्टेट स्थित ग्रीनवुड कॉटेज में किए गए अवैध निर्माण को संयुक्त सचिव एवं एसडीएम मसूरी के आदेश पर सील कर दिया गया। 

कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे परिसर को सील कर आगे किसी भी प्रकार के निर्माण और उपयोग पर रोक लगा दी गई।

एमडीडीए के अनुसार वाद संख्या आर-1208/2024 में पारित आदेश के अनुपालन में के.पी. शर्मा द्वारा ग्रीनवुड कॉटेज  में किए गए अनधिकृत निर्माण पर यह कार्रवाई की गई। 

सीलिंग अभियान का नेतृत्व सहायक अभियंता अजय मलिक ने किया। इस सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि एमडीडीए क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र या निर्धारित नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। 

उन्होंने कहा कि न्यायालय और सक्षम प्राधिकारी के आदेशों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है तथा जिन भवन स्वामियों ने नियमों की अनदेखी कर अवैध निर्माण किया है।

उनके खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। 

उन्होंने कहा कि कई बार लोगों को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने और निर्माण को नियमानुसार कराने का अवसर दिया जाता है, लेकिन आदेशों की अवहेलना होने पर विभाग को सीलिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई करनी पड़ती है। 

उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले एमडीडीए से विधिवत मानचित्र स्वीकृत कराएं और निर्माण मानकों का पूरी तरह पालन करें।

अजय मलिक ने स्पष्ट किया कि मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में अनियोजित और अवैध निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पर्यावरण और लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। 

इसलिए प्राधिकरण ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रहा है। उन्होने बताया कि मसूरी क्षेत्र में अवैध निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है। 

जिन स्थानों पर नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नोटिस जारी करने के बाद आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई भी की जाएगी।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध निर्माण से बचें और केवल स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही भवन निर्माण कराएं। 

दौरान अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर संजीव और उदय नेगी सहित विभागीय टीम मौजूद रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रही।

Read Original Article