JANVAANI NEWS

रुद्रपुर में सिख समाज का विरोध: आशीष नेगी पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

05 Jul 2026, 11:35 AM • By M SALEEM KHAN

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप में फेसबुक पेज "Ashish Negi UKD" के संचालक आशीष नेगी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। 

इस संबंध में गुरुवार को कोतवाली रुद्रपुर में पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) को शिकायती पत्र सौंपकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), 2000 के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई।

शिकायतकर्ताओं में गुरुद्वारा सिख सेंट्रल कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह और गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब के रुद्रपुर से डायरेक्टर एवं सेंट्रल कमेटी के जनरल सेक्रेटरी प्रतपाल सिंह शामिल रहे। 

उन्होंने आरोप लगाया कि चमोली के कर्णप्रयाग की एक स्थानीय घटना को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।

जिनसे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन जल्द FIR दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं करता है, तो सिख समाज आगे की रणनीति तय कर बड़े स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन करेगा।

इस दौरान बलविंदर सिंह, जसबीर सिंह उप्पल, रशपाल सिंह हैप्पी, गुरमीत सिंह बठला, हरजीत सिंह विरदी, कंवलजीत सिंह, प्रभजीत सिंह, अमरजीत सिंह और जीत सिंह चाचू सहित कई लोग मौजूद रहे।

Read Original Article