JANVAANI NEWS

मसूरी में रेड अलर्ट मसूरी में दिनभर मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

09 Jul 2026, 08:08 PM • By SUNIL SONKAR

पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार को हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। 

दिनभर रुक-रुक कर हुई तेज वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

जगह-जगह जलभराव, पहाड़ियों से मलबा आने और पेड़ों के गिरने की घटनाओं से यातायात भी प्रभावित रहा। 

प्रशासन ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। 

बारिश के दौरान मसूरी-देहरादून मार्ग पर चिंगरी पेट्रोल पंप के समीप अचानक एक विशाल पेड़ सड़क पर भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कोई वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और आसपास क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। 

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात को सुचारु कराया गया। 

विद्युत विभाग ने भी क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया।लगातार हो रही बारिश के बीच शहर के विभिन्न क्षेत्रों से छोटे-बड़े भूस्खलन और मलबा आने की सूचनाएं भी मिलीं। 

प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। 

इधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा।

आकाशीय बिजली चमकने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 

मसूरी एसडीएम राहुल आंनद ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान ने एहतियातन शुक्रवार 10 जुलाई को जनपद देहरादून के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त।

निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। 

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अनावश्यक पहाड़ी यात्राओं से बचने की अपील की है। 

साथ ही आपदा की किसी भी स्थिति में तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है। 

लगातार हो रही बारिश और रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है तथा सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Read Original Article