थाना क्षेत्र के गांव की सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सोना सैद माजरा स्थित कब्रिस्तान की जर्जर हालत और हिंडन नदी के कटाव को देखकर कांग्रेस पार्टी की जिला उपाध्यक्ष डॉ. शाजिया नाज ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है।
वीडियो में कब्रों के पास मिट्टी धंसने और कफन के पानी में बहने के दृश्य देखकर डॉ. नाज ने कहा कि वह अपनी टीम के साथ जल्द ही जिला अधिकारी से मिलकर वार्ता करेंगी और पूरे मामले से अवगत कराएंगी।
उन्होंने हाल ही में जिन परिवारों के मृतकों को यहां सुपुर्द-ए-खाक किया गया, उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
डॉ. नाज ने कहा कब्रिस्तान की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए मैं सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तत्काल वार्ता करूंगी।
साथ ही हिंडन नदी के कटाव को रोकने के लिए स्थायी समाधान के तौर पर बांध निर्माण की मांग को लेकर उच्च अधिकारियों से मुलाकात करूंगी।
उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि "विकास के बड़े-बड़े दावे तो किए जाते हैं, लेकिन कब्रिस्तान जैसे संवेदनशील स्थान आज भी असुरक्षित हैं। जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
डॉ. शाजिया नाज ने प्रशासन से मांग की कि कब्रिस्तान की सुरक्षा के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं और क्षेत्र की जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।