सिकोढा एक चीनी मोबाइल ऐप के माध्यम से सड़कों पर चलते ई-रिक्शा को अचानक बंद कर उसे मनोरंजन का साधन बनाए जाने की बढ़ती घटनाओं पर सिकरोढ़ा यूथ क्लब के अध्यक्ष राव फ़ाज़िल मरगूब ने गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है।
उन्होंने युवाओं से इस तरह की हरकतों से दूर रहने की अपील करते हुए इसे एक अमानवीय कृत्य बताया है।
प्रेस को जारी बयान में राव फ़ाज़िल मरगूब ने कहा कि आजकल कुछ लोग तकनीक का गलत इस्तेमाल कर चलते हुए ई-रिक्शा को अचानक रिमोटली बंद कर दे रहे हैं।
जो न केवल गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है, बल्कि गरीब मेहनतकश परिवारों की रोज़ी-रोटी पर भी सीधा प्रहार है।
एक ई-रिक्शा चालक दिन-रात कड़ी मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी गाड़ी को इस तरह जानबूझकर बंद करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
ऐसी बचकानी हरकतों से बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं और रिक्शा में बैठे यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
यूथ क्लब के अध्यक्ष ने युवाओं को नसीहत देते हुए कहा कि युवाओं की पहचान उनकी सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता से होनी चाहिए, न कि ऐसे कार्यों से जो किसी गरीब की आजीविका को प्रभावित करें।
उन्होंने सभी युवाओं से आग्रह किया कि वे आधुनिक तकनीक का उपयोग समाजहित में करें, किसी की मेहनत का मज़ाक बनाने के लिए नहीं।
इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से भी अपील की है कि वे ऐसे मामलों को गंभीरता से लें।
तकनीक का दुरुपयोग कर किसी की रोज़ी-रोटी से खिलवाड़ करने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके।