JANVAANI NEWS

चार दिन में खुला अंतरराज्यीय चोर गिरोह का राज पौड़ी पुलिस ने चार शातिर दबोचे

08 Jul 2026, 03:53 PM • By M SALEEM KHAN

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार की रणनीति और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कोटद्वार में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज चार दिनों में खुलासा हो गया। 

पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नकदी, दो चोरी की अपाचे मोटरसाइकिलें तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। 

गिरोह का एक मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को कोटद्वार निवासी उमेश चंद बमोला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जून माह की छुट्टियों में परिवार सहित पैतृक गांव जाने के दौरान उनके बंद घर से नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। 

मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से लेकर दुर्गापुरी, देवी मंदिर रोड, नजीबाबाद रोड, नजीबाबाद और हरिद्वार मार्ग तक लगे करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई पतारसी के आधार पर पुलिस ने 6 जुलाई को गिरोह के चार सदस्यों—मोहित (गाजियाबाद), कासिफ उर्फ नन्हे, आमिर और आसिफ उर्फ अमन (बरेली/दिल्ली) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कोटद्वार में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की थी और चोरी के आभूषण मात्र 15 हजार रुपये में बेच दिए थे। 

पुलिस ने चोरी की रकम में से 13,600 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने वारदात से पहले उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र से एक अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसी बाइक से कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी की। 

पुलिस ने देहरादून से चोरी की गई दो अपाचे मोटरसाइकिलें तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।

ऐसे देता था वारदात को अंजाम गिरोह

पुलिस के अनुसार गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से अपराध करता था। आरोपी पहले कार से किसी शहर में पहुंचते, वहां मोटरसाइकिल चोरी करते और उसी से कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की पहचान करते थे। 

वारदात के बाद चोरी की बाइक को कई बार मौके पर ही छोड़ देते थे, ताकि पुलिस भ्रमित हो जाए। चोरी का सामान तुरंत दूसरे साथियों के माध्यम से दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया जाता था।

दर्जनों मुकदमों का है आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों और फरार सरगना मोहम्मद आरिफ पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में चोरी, लूट, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के तहत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

इस उत्कृष्ट कार्रवाई पर एसएसपी सर्वेश पंवार ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Read Original Article