थाना फतेहपुर क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस लगातार प्रयासरत है।
इसी कड़ी में थाना फतेहपुर के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
थाना फतेहपुर में तैनात महिला उप निरीक्षक मिथलेश राठौर के नेतृत्व में रिक्रूट महिला कांस्टेबल संस्था और प्रीति ने क्षेत्र के मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों और चौराहों का दौरा किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने वहां मौजूद महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं से सीधा संवाद किया महिला उप-निरीक्षक मिथलेश राठौर और उनकी टीम ने महिलाओं को किसी भी अप्रिय स्थिति या मनचलों द्वारा परेशान किए जाने पर निडर होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 181 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में मनचलों पर रखी नजर जागरूकता संदेश देने के साथ-साथ महिला पुलिस कर्मियों की इस टीम ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध रूप से घूम रहे युवकों को कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस टीम ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि वे हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर हैं और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
पुलिस के इस कदम की स्थानीय निवासियों और बाजार में आई महिलाओं ने काफी सराहना की है।