JANVAANI NEWS

फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

16 Jul 2026, 10:25 AM • By M SALEEM KHAN

कोतवाली गदरपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले शातिर अपराधी को अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार किया है। 

आरोपी के खिलाफ उधम सिंह नगर और उत्तर प्रदेश में कुल 20 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।  

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद उधम सिंह नगर के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को वादी शरीफ अहमद पुत्र अब्दुल मालिक, निवासी ग्राम मजरा शीला गदरपुर ने कोतवाली में तहरीर दी थी। 

तहरीर में बताया गया था कि विपक्षी कुलवन्त सिंह उर्फ काका, निवासी कामरेड का डेरा थाना केलाखेड़ा ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायर किया और गाली-गलौज कर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया था। 

इस आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 188/2025 धारा 109(1)/351(2)/352 बीएनएस बनाम कुलवन्त सिंह उर्फ काका पंजीकृत किया गया था। प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आज दिनांक 14 जुलाई 2026 को मजराशीला शमशान घाट के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस ने आरोपी कुलवंत सिंह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर मय 02 अदद जिन्दा कारतूस बरामद किया। 

अभियुक्त के खिलाफ धारा 109(1)/351(2)/352 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार कुलवन्त सिंह उर्फ कक्का आदतन अपराधी है। 

उसके खिलाफ थाना गदरपुर, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और थाना मिलकखानम जनपद रामपुर यूपी में हत्या, लूट, चोरी, वन अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। 

इस दौरान पुलिस टीम में उ0नि0 विजय कुमार प्रभारी चौकी सकैनिया, उ0नि0 मुकेश मिश्रा प्रभारी चौकी महतोष, का0 756 जीवन फुलेरा, का0 1119 वीरेंद्र सिंह नेगी, का0 232 दिनेश बिष्ट, का0 31 दिनेश रावत शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Read Original Article