पैसे दोगुना करने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ सहारनपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थाना फतेहपुर पुलिस ने ठगी के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
मामला 26 मई 2026 का है, जब उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला निवासी सूरतदास (पुत्र भट्टदास) ने थाना फतेहपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पीड़ित का आरोप था कि अभियुक्त महबूब और आरिफ (निवासी रसूलपुर, फतेहपुर) ने उसे पैसे दोगुने करने का झांसा दिया और धोखाधड़ी से उसके करीब 4 लाख 30 हजार रुपये हड़प लिए।
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज भी की थी। इस संबंध में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
फतेहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रजपुरा अंडरपास के पास से वांछित अभियुक्त आरिफ (पुत्र अख्तर) को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ठगी के 1 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
थाना प्रभारी ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।
आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कामयाबी में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक राकेश पंवार, हेड कांस्टेबल रोहित कुमार और हेड कांस्टेबल रोहित राणा की मुख्य भूमिका रही।