JANVAANI NEWS

विक्रांत हत्याकांड आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर उतरे युवा एनकाउंटर की मांग

26 Jun 2026, 04:24 PM • By M SALEEM KHAN

विक्रांत बागी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके एनकाउंटर की मांग को लेकर शुक्रवार को उसके समर्थकों ने डीडी चौक पर जमकर प्रदर्शन किया। 

इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जोरदार नारेबाजी जारी रखी। 

प्रदर्शन के दौरान पास स्थित गांधी पार्क में केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किसानों के साथ कार्यक्रम चल रहा था। 

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया, लेकिन समर्थक डीडी चौक पर डटे रहे और ष्विक्रांत के हत्यारों को गिरफ्तार करोष् के नारे लगाते रहे। 

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विक्रांत की हत्या करने वाले आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। 

उनका कहना था कि घटना को लेकर आरोपी भ्रामक बातें फैला रहे हैं। समर्थकों का दावा है कि विक्रांत और उसके साथियों की ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई थी, बल्कि हमलावरों ने उसे घेरकर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हुई। 

उनका आरोप है कि अब आरोपी खुद को बचाने के लिए अपने ऊपर हमले की झूठी कहानी गढ़ रहे हैं। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्रधिकारी विभव सैनी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। 

सैनी ने आश्वासन दिया कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। 

पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। इसके बाद वे नारेबाजी करते हुए डीडी चौक से अग्रसेन चौक होते हुए बाजार स्थित विक्रांत बागी के आवास पहुंचे। 

वहां भी समर्थकों ने विक्रांत को न्याय दिलाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग दोहराई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विक्रांत के समर्थक, मित्र और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Read Original Article